काको में 25 सितंबर को सजेगी सूफियाना महफिल, निजामी ब्रदर्स की कव्वाली बनेगी आकर्षण
जहानाबाद : काको की ऐतिहासिक और सूफी विरासत 25 सितंबर की शाम सूफियाना सुरों से गुलजार होगी। पर्यटन विभाग, बिहार सरकार और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में काको में सूफी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में देश के प्रसिद्ध निजामी ब्रदर्स अपनी रूहानी कव्वाली और सूफियाना कलाम की प्रस्तुति देंगे।
निजामी ब्रदर्स की विशिष्ट गायकी महोत्सव का प्रमुख आकर्षण होगी। उनकी प्रस्तुति के दौरान काको की ऐतिहासिक धरती पर सूफी संगीत और आध्यात्मिक संस्कृति का रंग देखने को मिलेगा। आयोजन का उद्देश्य काको की समृद्ध सूफी एवं सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाने के साथ जिले में पर्यटन को बढ़ावा देना है।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों और आगंतुकों से 25 सितंबर को काको पहुंचकर सूफी महोत्सव में शामिल होने की अपील की है।