सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने को लेकर भाजपा की संगठनात्मक बैठक
जहानाबाद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने को लेकर बुधवार को काको प्रखंड के अलीनगर पाली गांव में भाजपा की ओर से सेवा संकल्प अभियान सह युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अभियान को ऐतिहासिक बनाने के लिए संगठनात्मक तैयारियों और युवाओं की भूमिका पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मोहिबुल हक रहे। भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधान परिषद सदस्य राधा मोहन शर्मा ने भी कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वर्तमान गया पूर्वी प्रभारी सुरेश कुमार शर्मा, जिलाध्यक्ष धीरज कुमार, प्रदेश आईटी एवं सोशल मीडिया सह संयोजक विकास कुमार रौशन, सोशल मीडिया सह संयोजक मनीष काश्यप तथा काको मंडल अध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मोहिबुल हक ने केंद्र सरकार की ओर से अल्पसंख्यक समाज और युवाओं के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (पीएम विकास) योजना सहित अन्य योजनाओं का उल्लेख किया।
राधा मोहन शर्मा ने प्रधानमंत्री के 15 सूत्री कार्यक्रम और प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर काम किया जा रहा है। वहीं सुरेश कुमार शर्मा ने नई सवेरा और नई उड़ान जैसी योजनाओं के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को मिलने वाली सहायता की जानकारी दी।
विकास कुमार रौशन और मनीष काश्यप ने सोशल मीडिया की भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि डिजिटल माध्यम सूचना के आदान-प्रदान और युवाओं को जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक और जिम्मेदार उपयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान मोहिबुल हक ने माला और अंगवस्त्र पहनाकर युवा कार्यकर्ता कामरान अशरफ को जहानाबाद जिला अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष की नई जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कामरान अशरफ को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं बिहार भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के आईटी एवं सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक सैयद मोहम्मद अली ने की।