#बालाघाट
जनसुनवाई में सुनी गईं आवेदकों की समस्याएँ
151 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए
प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई की श्रृंखला में 06 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री कुमार सत्यम निर्देशन में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री तनुश्री मीणा, अपर कलेक्टर श्री डीपी बर्मन, संयुक्त कलेक्टर श्री एमआर कोल एवं एसडीएम श्री गोपाल सोनी ने आवेदकों की समस्याएँ सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में 151 आवेदक अपनी समस्याएँ लेकर पहुँचे।
जनसुनवाई में शाला प्रबंधन समिति शासकीय माध्यमिक शाला टंटाटोला द्वारा भवन और किचन शेड जर्जर होने से बारिश में छत से पानी टपकने और प्लास्टर गिरने की शिकायत की गई। इस प्रकरण में जनपद सीईओ परसवाड़ा एवं बीआरसी को शीघ्र आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है।
किरनापुर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत केशलेवाड़ा की पूजा बोरकर सचिव अंकिता जामरे द्वारा विवाह प्रमाण पत्र जारी नहीं करने की शिकायत लेकर आयी थी। पूजा का कहना था कि 17 अप्रैल 2025 को उसका प्रदीप बोरकर से विवाह हुआ था, लेकिन पति द्वारा आवश्यक दस्तावेज नहीं देने के कारण पंचायत से प्रमाण पत्र नहीं मिल पा रहा है। विवाह प्रमाण पत्र के अभाव में उसके 7 माह के पुत्र प्रियांश का आधार कार्ड व अन्य जरूरी दस्तावेज बनवाने में परेशानी हो रही है। अतः पूजा ने शीघ्र उसका विवाह प्रमाण पत्र बनवाने की माँग की है। इस प्रकरण में जनपद सीईओ किरनापुर को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए है।
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरनापुर के शिक्षक यू.एल. भारद्वाज सेवानिवृत्ति के बाद लंबित स्वत्वों का भुगतान नहीं होने की शिकायत लेकर आये थे। उनका कहना था कि 30 जून 2025 को सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें केवल ग्रेच्युटी और जीआईएस की राशि प्राप्त हुई है। जीपीएफ, अर्जित अवकाश, नोशनल इंक्रीमेंट संशोधन और 35 वर्षीय समयमान वेतनमान की राशि अब तक लंबित है। अतः उन्होंने शीघ्र लंबित राशि का भुगतान कराने और पेंशन संबंधी लाभ दिलाने की मांग की है। इस प्रकरण में जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।
बालाघाट के वार्ड क्रमांक 28, 29 और 30 के नागरिक राशन दुकान को पुराने स्थल के नजदीक स्थापित करने की मांग लेकर आये थे। उनका कहना था कि वर्तमान में जानकी विहार रेलवे लाइन के पास नहर किनारे दुकान संचालित हो रही है, जिसकी दूरी अधिक होने के कारण परेशानी हो रही है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को दूरी व यातायात के कारण राशन लेने में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। अतः उन्होंने राशन दुकान को इतवारी बाजार स्थित सेठिया शाला की खाली पड़ी बिल्डिंग में स्थानांतरित करने की मांग की है। इस प्रकरण में जिला आपूर्ति अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।
बिरसा जनपद के ग्राम पंचायत अचानकपुर निवासी शत्रुघ्न प्रसाद दुबे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग लेकर आये थे। उसका कहना था कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और पूजन-पाठ से होने वाली आय से ही परिवार का पालन-पोषण करते हैं। शत्रुघ्न का कहना है कि उसके पास स्वयं का पक्का मकान नहीं होने से परिवार को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अतः उसे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाए। इस प्रकरण में जनपद सीईओ बिरसा को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए है।
बैहर जनपद पंचायत से सेवानिवृत्त लेखापाल बिमेश्वर माहुले ने सीपीएफ खाते में जमा 5 लाख 47 हजार 500 रुपये का भुगतान नहीं होने की शिकायत की। उनका कहना था कि 30 अप्रैल 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने राशि भुगतान के लिए अधिकारियों को आवेदन दिया था, लेकिन अब तक राशि नहीं मिली। उन्होंने बताया कि गंभीर बीमारी के इलाज के लिए राशि की आवश्यकता है और भुगतान में देरी से उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अतः सीपीएफ खाते में जमा राशि का शीघ्र भुगतान कराया जाए। इस प्रकरण में एसडीएम बैहर को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।
बालाघाट के ग्राम पंचायत पेंडरई निवासी उमेश मांद्रे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग लेकर आये थे। उमेश ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है और उसके पास रहने के लिए स्वयं का मकान नहीं है। योजना का लाभ लेने के लिए पंचायत में कई बार आवेदन करने के बावजूद उसका नाम स्वीकृत नहीं किया जा रहा है। अतः उसे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शीघ्र मकान स्वीकृत कराया जाए। इस प्रकरण में परियोजना अधिकारी पीएम आवास जिला पंचायत को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।
खैरलांजी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत पांजरा निवासी तुलसी कुमार मनरेगा के तहत कपिलधारा कुआं निर्माण की तकनीकी स्वीकृति नहीं मिलने की शिकायत लेकर आये थे। उनका कहना था कि कपिलधारा कूप निर्माण के लिए ग्राम पंचायत में प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित होने के साथ ग्रामसभा प्रस्ताव, नक्शा और तकनीकी प्रतिवेदन भी अधिकारियों को सौंपा गया था, किन्तु खैरलांजी और कटंगी ब्लॉक के अधिकारी ब्लॉक सीमा को लेकर उन्हें गुमराह कर रहे हैं। अतः उन्होंने मामले की जांच कर खेत में कपिलधारा कुआं निर्माण की तकनीकी स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है। इस प्रकरण में जनपद सीईओ खैरलांजी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।
किरनापुर तहसील के ग्राम दहीगड़वा निवासी मनोज सिंह मोरे अतिवृष्टि के कारण मवेशी बांधने का गौठान पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के पश्चात मुआवजा राशि दिलाये जाने की मांग लेकर आये थे। उसने बताया कि गौठान गिरने से उसके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। अतः उसे नियमानुसार मुआवजा राशि प्रदान की जाए। इस प्रकरण में किरनापुर तहसीलदार को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।
जनसुनवाई में बालाघाट के वार्ड क्रमांक 4 के स्थायी निवासी नूरी मस्जिद के सामने, पीछे और बाजू में सीमेंट सड़क व नाली निर्माण की मांग लेकर आये थे। सड़क और नाली नहीं होने से बुजुर्गों, बच्चों सहित अन्य लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस प्रकरण में नगर पालिका सीएमओ को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए है।
जनसुनवाई में बालाघाट तहसील के ग्राम बुढैनाखुर्द के रविंद्र कावरे शिकायत लेकर आये थे कि उनकी बहू माया पति कृष्णा कावरे को 15 सितम्बर 2026 को जिला चिकित्सालय बालाघाट में प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था, लेकिन डॉ. श्रद्धा बारमाटे एवं डॉ. स्वाति मेश्राम द्वारा उसका ठीक से ईलाज नही किया गया जिसके कारण उन्हें प्रायवेट अस्पताल में सीजेरियन ऑपरेशन से प्रसव कराना पडा है और इसमें 35 हजार रुपए का खर्च आया है। रविंद्र का कहना था कि वह बहुत गरीब है और इतना खर्च वहन नही कर सकता है। अत: उसे इस राशि का मुआवजा दिलाया जाए। इस प्रकरण में सिविल सर्जन को प्रकरण की जांच कर कार्यवाही करने कहा गया है।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #gaddeptmp
4 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 6, 2026