#Balrampur ! #उतरौला में 12 दिवसीय श्रीरामलीला महोत्सव का भव्य आगाज: नारद मोह और राम जन्म की लीला देख भावविभोर हुए श्रद्धालु
उतरौला (बलरामपुर)।
शारदीय नवरात्र के पहले दिन श्री दुःखहरण नाथ रामलीला कमेटी उतरौला के तत्वावधान में 12 दिवसीय श्रीरामलीला महोत्सव का भक्तिमय माहौल में शुभारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन और आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिससे पूरा क्षेत्र 'जय श्रीराम' के जयकारों से गूंज उठा।
महोत्सव के पहले दिन कलाकारों ने 'नारद मोह' और राजा दशरथ द्वारा कराए गए 'पुत्रकामेष्टि यज्ञ' के बाद चारों भाइयों (श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न) के जन्म प्रसंग का सजीव मंचन किया। लखीमपुर खीरी से आई 'शिवा मिश्रा झलक रामलीला पार्टी' के कलाकारों की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इससे पहले वैदिक आचार्य पंडित फूलचंद पांडेय ने विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा और विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अनूप गुप्ता ने संयुक्त रूप से हवन-पूजन कर महोत्सव का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष संतोष कुमार सोनी (श्रवण) और महामंत्री संदीप गुप्ता समेत कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। 12 दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में रामायण के विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।
#balrampur #utraula #ramleela