#BalrampurPolice
नवरात्र में तेज आवाज वाले डीजे पर रोक, सामान्य डीजे बजाने की मिले अनुमति; शराब की दुकानें भी 10 दिन बंद करने की मांग
#पचपेड़वा (#बलरामपुर)। शारदीय नवरात्र और दशहरा पर्व को देखते हुए क्षेत्र के लोगों ने तेज आवाज वाले डीजे पर प्रतिबंध लगाने के साथ सामान्य आवाज में डीजे बजाने की अनुमति देने की मांग की है। इस संबंध में 10 अक्टूबर को थाना पचपेड़वा के थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर क्षेत्रवासियों की भावनाओं और धार्मिक आयोजनों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेने की अपील की गई है। इसके साथ ही नवरात्र और दशहरा के दौरान 10 दिनों तक शराब की दुकानों को बंद रखने की मांग भी उठाई गई है।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि शारदीय नवरात्र के अवसर पर डीजे बजाने को लेकर जारी दिशा-निर्देशों का सभी को सम्मान करना चाहिए। हालांकि, तेज आवाज वाले डीजे पर प्रतिबंध लगाते हुए सामान्य आवाज में डीजे बजाने की अनुमति दी जानी चाहिए। इससे धार्मिक आयोजनों की परंपरा भी बनी रहेगी और आम लोगों को तेज ध्वनि से होने वाली परेशानी से भी राहत मिलेगी।
शराब की दुकानों को भी बंद करने की उठाई मांग
प्रार्थना पत्र में होली, दीपावली और दो अक्टूबर जैसे अवसरों पर शराब की दुकानों को बंद रखे जाने का उदाहरण देते हुए कहा गया है कि नवरात्र और दशहरा जैसे प्रमुख पर्वों पर भी शराब की बिक्री पर रोक लगाई जानी चाहिए। मांग करने वालों का तर्क है कि शराब के सेवन से भी कई घटनाएं होती हैं और लोगों की जान तक चली जाती है। ऐसे में पर्व के दौरान शराब की दुकानों को 10 दिनों तक बंद रखने पर प्रशासन को विचार करना चाहिए।
आवेदनकर्ताओं ने थाना अध्यक्ष से अपील की है कि धार्मिक आस्था, जनसुविधा और शांति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सामान्य आवाज वाले डीजे बजाने की अनुमति प्रदान की जाए। साथ ही नवरात्र और दशहरा के दौरान शराब की दुकानों को बंद रखने के संबंध में भी उचित कदम उठाया जाए।
इस मांग में श्यामू चौधरी, मंडल अध्यक्ष गणेशपुर, अमित कुमार जायसवाल उर्फ अप्पू, मंडल अध्यक्ष पचपेड़वा, पंकज सिंह, रामविलास विश्वकर्मा, निरंजन पांडेय, भोला यादव, शंकर चौधरी, सुरेश निषाद, विकास सिंह, रिंकू चौधरी, प्रधान विजय शिल्पकार, लवकुश चौधरी, अहमद और शहंशाह सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।
#वायरल #trendingpost ।