#Balrampur ! इंडो-नेपाल सीमा पर पुलिस और एसएसबी का संयुक्त अभियान, संदिग्धों की हुई सघन चेकिंग...
संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, तस्करी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश...
#बलरामपुर। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए बलरामपुर पुलिस और एसएसबी ने संयुक्त रूप से सघन चेकिंग एवं पैदल गश्त अभियान चलाया। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन में सीमावर्ती थाना क्षेत्रों के संवेदनशील इलाकों में संयुक्त टीम ने भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की गई। साथ ही मादक पदार्थों, मानव एवं गौ तस्करी, अवैध कटान, खनन और घुसपैठ जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई।
संयुक्त टीम ने सीमावर्ती गांवों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर स्थानीय लोगों से संवाद भी किया। ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों और संभ्रांत नागरिकों को संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, भारत-नेपाल सीमा पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तथा एसएसबी का संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।
#Balrampur #balrampurpolice
Balrampur, Balrampur | Nov 4, 2026