#Balrampur ! एडीजी जोन गोरखपुर का कोयलाबास बॉर्डर पर कड़ा पहरा: भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण
#बलरामपुर:
अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) जोन गोरखपुर श्री राम कुमार ने रविवार को भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा स्थित कोयलाबास बॉर्डर (कोतवाली जरवा) का औचक निरीक्षण किया। एसएसबी अधिकारियों के साथ सीमाई सुरक्षा का जायजा लेते हुए उन्होंने बैरियर चेकिंग, सीसीटीवी निगरानी और आवागमन रजिस्टरों की गहन पड़ताल की।
तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस अपनाते हुए एडीजी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सीमा पर आने-जाने वाले हर व्यक्ति और वाहन की शत-प्रतिशत चेकिंग हो तथा बिना वैध पहचान पत्र किसी की आवाजाही न हो। अवैध तस्करी रोकने के लिए एसएसबी और स्थानीय पुलिस को संयुक्त गश्त तेज करने, पगडंडियों पर विशेष नजर रखने और ग्राम सुरक्षा समितियों के सहयोग से इंटेलिजेंस नेटवर्क को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मुस्तैद जवानों का उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल, एसएचओ जरवा योगेश प्रताप सिंह सहित एसएसबी और पुलिस बल के अधिकारी उपस्थित रहे।