#भरतपुर। नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर अनुराधा सिंह शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए एक्शन मोड में नजर आ रही हैं। उन्होंने अधिकारियों और पार्षदों के साथ नगर निगम कार्यालय से लक्ष्मण मंदिर चौराहे तक मुख्य बाजार का सघन पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने टूटे फेरोकवर बदलने, सफाई व्यवस्था सुधारने और जलभराव की समस्या का समाधान करने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं, जिस पर व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। महापौर ने दो टूक कहा कि जनता को बुनियादी सुविधाएं देना निगम का मुख्य ध्येय है और कार्यों में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।