भरतपुर। मास्टर आदित्येन्द्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भरतपुर में चल रही 70वीं राज्य स्तरीय 17 एवं 19 वर्षीय छात्र एथलेटिक्स प्रतियोगिता के तीसरे दिन शनिवार को ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों ने अपने दमखम का जोरदार प्रदर्शन किया। संयुक्त संचालन सचिव यशवीर सिंह फौजदार और उप जिला शिक्षा अधिकारी गंभीर सिंह ने बताया कि 200 मीटर व 800 मीटर दौड़, 5 किलोमीटर पैदल चाल, लॉन्ग जंप, ट्रिपल जंप, डिस्कस थ्रो और शॉट पुट के रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने कड़ा संघर्ष किया। प्रतियोगिता के परिणामों में 19 वर्ष छात्र वर्ग की 200 मीटर दौड़ में सीकर के दर्शन निर्मल ने प्रथम, फलोदी के दिवराज सिंह ने द्वितीय और जयपुर प्रथम के सुरेन्द्र कुमार मीणा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी तरह 800 मीटर दौड़ में धौलपुर के अंकुश कसाना प्रथम, श्रीगंगानगर बालक अकादमी के यासिर द्वितीय और कोटपूतली-बहरोड़ के लोकेश तीसरे स्थान पर रहे। 5 किलोमीटर पैदल चाल में चूरू के रितेश ने बाजी मारते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद अजमेर के पवन सिंह गुर्जर दूसरे और धौलपुर के पिंटू तीसरे स्थान पर रहे। लॉन्ग जंप में राज्य क्रीड़ा परिषद जयपुर के सन्नी गुर्जर प्रथम, सीकर के चिराग कुलहरी द्वितीय और राजगढ़ चूरू के लक्की पायल तृतीय रहे। ट्रिपल जंप स्पर्धा में सीकर के चिराग कुलहरी ने पहला, अजमेर के राहुल चौधरी ने दूसरा और खैरथल-तिजारा के मुनफैद खान ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा डिस्कस थ्रो में चूरू के वीरेन्द्र पूनिया ने प्रथम, चूरू के ही साहिल ने द्वितीय और फलोदी के प्रद्युम्न ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।