बुढ़वा मंगल: असहायों के सहाय हनुमान की आराधना को मंदिरों में उमड़ी भीड़
नयनाभिराम श्रृंगार हुए अंजनी के लाल के, जगह जगह हुए भंडारों में प्रसाद छका भक्तों ने
कोंच। बुढवा मंगल पर नगर व क्षेत्र के विभिन्न हनुमान मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। असहायों के सहाय रामभक्त हनुमान की आराधना के लिए श्रद्घालुओं की भारी भीड़ मंदिरों में उमड़ी, आंजनेय हनुमान का दर्शन पाकर भक्त कृतार्थ हुए। सुप्रसिद्घ दोहर के महावीर, उरई रोड स्थित पंचमुखी हनुमान जी महाराज, गुदरिया हनुमान मंदिर, किष्किंधा हनुमान मंदिर तथा पसरट के हनुमान मंदिर पर विशेष अनुष्ठान और भंडारों का आयोजन किया गया जिनमें हजारों भक्तों ने प्रसाद छका। कई मंदिरों में श्रीराम चरित मानस के अखंड पाठ आयोजित किए गए।
मान्यता है कि बुढवा मंगल पर रामभक्त हनुमान अपना पुराना चोला उतार कर नया चोला धारण करते हैं, सो इस पर्व को विशेष रूप श्रद्घाभाव के साथ मनाने की परंपरा है। मंगलवार को हनुमान मंदिरों में आंजनी के लाल के नयनाभिराम श्रृंगार किए गए। भक्तों का सबेरे से ही दर्शनार्थ तांता लगना प्रारंभ हो गया था जो देर रात तक जारी रहा। दोहर के महावीर मंदिर पर विशेष पूजा अनुष्ठान किए गए और भंडारे का प्रसाद हजारों भक्तों ने छका। मंदिर के मुख्य पुजारी पं. कमलेश दुवे ने महावीर हनुमान जी की आरती उतारी। वहां हनुमानजी के ठीक सामने स्थित मंदिर में विराजमान भगवान राम लक्ष्मण जानकी के अद्भुत श्रृंगार ने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया, दर्शन पाकर भक्त आनंदित हुए। मंदिर परिसर में आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्घालुओं ने अंजनी के लाल का प्रसाद ग्रहण किया। आनंद द्विवेदी, राघवेंद्र तिवारी, धनश्याम राठौर, अखिलेश दुवे, मुनू दुवे, धीरेंद्र शुक्ला, पवन खिलाड़ी, धर्मेंद्र बबेले, रामू दुवे, अंकित यादव, श्याम ताम्रकार, दीपक श्रीवास्तव, मिंटू पाटकर, सोमू ठाकुर, ब्रजेश श्रीवास्तव, जितेंद्र सोनी, व्योम शुक्ला, शिवांग दुवे, भास्कर दुवे, नृपेंद्र, विनय वाजपेयी, मनीष नगरिया, अखिलेश दुवे, साकेत मिश्रा, जयप्रकाश रावत आदि व्यवस्थाओं में संलग्न रहे। कैलिया बस स्टैंड के पास स्थित नगर के प्राचीनतम मंदिर गुदरिया के हनुमान जिसे क्रोंच ऋषि की तप:स्थली के तौर पर जाना जाता है, पर भी भक्तों का रेला सुबह से देर रात तक चलता रहा। बुढवा मंगल पर हनुमानजी की विशेष पूजा की गई। यहां आयोजित भंडारे में भक्तों ने प्रसाद छका। मनोज, मुकेश, प्रमोद विदुआ आदि व्यवस्था में रहे। इधर, पसरट के हनुमान मंदिर में श्रीरामचरित मानस का अखंड पाठ आयोजित किया गया।
Konch, Jalaun | Sep 22, 2026