धनुताल के जल में विहार किया भगवान के श्रीविग्रहों ने
दर्शनों के लिए उमड़ी भीड़, विहार के बाद रात्रि गश्त पर निकले भगवान
कोंच। वामन द्वादशी बुधवार को भगवान के श्रीविग्रहों ने धनु तालाब में जल विहार किया। भगवान के विहार का मनोरम दृश्य देखने के लिए तालाब के तटों पर भारी भीड़ उमड़ी। नगर के तमाम मंदिरों के गर्भगृह छोड़ भगवान के श्रीविग्रहों ने जलावतरण किया और घंटों जल में विहार किया। कई विमानों ने किनारे पर ही पूजा आरती संपन्न कराने के बाद औपचारिक रूप से जल विहार किया जबकि नृसिंह भगवान, रामलला सरकार और सैरा के रामचंद्र जी महाराज ने तालाब के जल में उतर कर परिक्रमाएं लगाईं। नगर पालिका की ओर से तालाब पर सफाई और प्रकाश की माकूल व्यवस्था की गई थी।
जल विहार के अवसर पर भगवान नृसिंह जी महाराज के पुजारी ने आरती उतारी, सेवादार तालाब में विहार कराने में सहयोग कर रहे थे। भगवान रामलला सरकार का विमान भी गाजे बाजे के साथ धनुताल पहुंचा जहां पुजारी गोविंददास ने आरती पूजा की, इसके बाद मंदिर के सेवायतों ने विमान का जलावतरण कराया, वहीं से खीरे का प्रसाद किनारे खड़े श्रद्घालुओं की ओर उछाला गया जिसे प्राप्त करने के लिए किनार बैठे लोगों में होड़ लगी रही। धर्मादा रक्षिणी सभा द्वारा संचालित मंदिरों कल्याणराय महाराज और बल्दाऊ जी महाराज के विमान भी जल विहार के लिए धनु तालाब पहुंचे। इसके अलावा पटेल नगर के राधाकृष्ण महाराज, गोखलेनगर के संतविहारी महाराज, गुदरिया महाराज के रामजानकी महाराज, स्वर्णकार समाज के मुरली मनोहर महाराज, सैरा के रामचंद्र जी महाराज, चंदकुआं पावर हाउस के द्वारिकाधीश महाराज, कंजरबाबा के रामजानकी महाराज, राठौर समाज द्वारा संचालित अवधविहारी लाल जी महाराज के श्रीविग्रहों का भी जलावतरण कराया गया। नगर पालिका की ओर से सफाई की उम्दा व्यवस्था की गई थी। जल विहार के पश्चात् ज्यादातर विमान मंदिरों में पहुंचे जबकि कुछ रात्रि भ्रमण के लिए नगर में निकल गए। कोतवाली पुलिस ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। एसडीएम अभिनव कुमार, सीओ परमेश्वर प्रसाद, कोतवाल निगवेंद्र प्रताप सिंह की देखरेख में सुरक्षा की माकूल व्यवस्था की गई थी।
Konch, Jalaun | Sep 23, 2026