अगले बरस आने का न्यौता देकर नम आंखों से दी बप्पा को विदाई
धनु तालाब व नहर में चल रहा है गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला
कोंच। सप्ताह भर चले गणपति महोत्सव का अवसान गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ ही हो गया है। सोमवार से शुरू हुआ प्रतिमा विसर्जन का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहेगा। मंगलवार को गढ़ी पर विराजमान कराई गई प्रतिमा के साथ कुछ अन्य प्रतिमाओं की नगर भर में शोभायात्रा निकाली गई। डीजे की धुनों पर युवा खूब थिरके, जम कर गुलाल उड़ा और पटाखे चले। प्रतिमाओं को धनु तालाब और नहर में विसर्जित किया गया।
नगर व क्षेत्र में दर्जनों की संख्या में गणेश प्रतिमाएं पंडालों में पधरवाई गईं थीं, अकेले कोंच नगर में ही कमोवेश तीन दर्जन से भी ज्यादा प्रतिमाओं को प्रतिष्ठापित किया गया था। सोमवार से ही प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हो गया था। मंगलवार को प्राचीन गढ़ी पर विराजमान गणपति प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान गणेश सेवा समिति के अध्यक्ष हरिश्चंद्र तिवारी, मंत्री निखिल सोनी, विष्णुकांत शास्त्री, सागर बोहरे, सुधीर सोनी, अभिषेक रिछारिया, सतीश राठौर, रामजी गुप्ता, गौरव सोनी, अवधेश चतुर्वेदी, विजय अग्रवाल, राजीव यादव, राजवीर परिहार, विवेक अग्रवाल, अश्विनी सेठ, राहुल तिवारी, सतीश राठौर, लोकेंद्र सिंह, अमित सोनी आदि व्यवस्थाओं में रहे। पोद्दार भवन पर विराजे गणपति भी शोभायात्रा में शामिल रहे। इसके अलावा द्वारिकाधीश मंदिर पर विराजे गणपति समेत कई अन्य प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। एसडीएम अभिनव कुमार एवं सीओ परमेश्वर प्रसाद ने कई दफा विसर्जन स्थल का दौरा किया। पुलिस बल लगातार शोभायात्रा रूट पर चौकसी में रहा।
Konch, Jalaun | Sep 22, 2026