पैंडल झटकने वाली चोरनी ही नहीं, पूरा गिरोह चढ़ा पुलिस के हत्थे
सीएचसी कोंच में सोमवार को हुई थी वारदात, महिला मरीज के मंगलसूत्र का पैंडल झटका गया था
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी संदिग्ध चोरनी, उसी आधार पर आगे बढ़ी पुलिस ने लिखी सफलता की इबारत
कोंच। पुलिस के हाथ एक बड़ी सफलता लगी है, महिला मरीज के मंगलसूत्र का पैंडल झटकने वाली चोरनी के साथ पूरा गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ गया है जिसमें चार चोरनियां शामिल हैं। सोमवार को सीएचसी कोंच में इलाज कराने आई महिला ज्योति पत्नी सुशील निवासी ग्राम वर्ध थाना एट के गले से मंगलसूत्र का सोने का पैंडल पार किए जाने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार की गई चार महिलाओं के पास से सोने के पैंडल सहित कुछ नगदी भी बरामद की गई है। पैंडल की पहचान पीड़ित ज्योति ने खुद की है।
कोतवाली में मंगलवार को घटना का खुलासा करते हुए सीओ परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि सोमवार को सीएचसी कोंच में महिला ज्योति के साथ घटित घटना में संबंधित धाराओं में मामला पंजीकृत कर पुलिस अभियुक्तों की तलाश में संलग्न थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आराजीलेन पावर हाउस के पास से महिला अभियुक्त मुस्कान (26) पत्नी आरिफ निवासी भगत सिंह नगर कोंच, राधिका उर्फ अनुराधा (32) पत्नी इंद्र, रचना (30) पत्नी चेतन व वर्षा उर्फ गुलाल (35) पत्नी कन्हैया निवासीगण रेलवे कॉलोनी टूंडला जिला फिरोजाबाद हाल पता शाहगंज जिला आगरा को गिरफ्तार कर लिया। सीओ ने बताया कि महिला पुलिस द्वारा ली गई तलाशी में अभियुक्त मुस्कान के पास से सोने का पैंडल और एक गुरिया सहित 50 रुपए, अभियुक्त राधिका के पास से 2140 रुपए, अभियुक्त रचना के पास से 2520 रुपए एवं वर्षा के पास से पैंडलयुक्त दो मंगलसूत्र बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार महिला अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास को लेकर सीओ ने बताया कि राधिका के विरुद्ध इससे पूर्व वर्ष 2020 में चोरी के तहत थाना ताजगंज कमिश्नरेट आगरा में और वर्ष 2025 में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना वृदांवन जनपद मथुरा में मामला पंजीकृत हैं। दूसरी महिला अभियुक्त वर्षा के विरुद्ध वर्ष 2020 में धारा चोरी का मामला थाना ताजगंज कमिश्नरेट आगरा में पंजीकृत है। सीओ ने बताया कि गिरफ्तार महिला अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई पूरी कर इन्हें जेल भेज दिया गया है।
Konch, Jalaun | Sep 22, 2026