शिव तांडव ने समां बांधा, हनुमान जी के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
पंचमुखी हनुमान मंदिर पर आधी रात तक चला कार्यक्रम, एसडीएम-सीओ भी पहुंचे
कोंच। शिव तांडव ने समां बांधा और हनुमान जी महाराज के भजनों पर झूम उठे श्रद्धालु। बुढ़वा मंगल के अवसर पर यहां उरई रोड स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर पर भजन संध्या का भव्य आयोजन किया गया जिसमें भजनों ने देर रात तक मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बनाए रखा। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एसडीएम अभिनव कुमार और सीओ परमेश्वर प्रसाद ने किया। अधिकारी द्वय ने भगवान हनुमान के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की और वहां मौजूद श्रद्धालुओं को बुढ़वा मंगल की शुभकामनाएं भी दीं।
मंगलवार देर रात करीब 10 बजे शुरू हुआ कार्यक्रम मध्यरात्रि एक बजे तक चला। भजन संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान चालीसा के पाठ से हुई। इसके बाद कलाकारों ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। राजीव दुवे म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजन गाए। इन भजनों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भजनों के दौरान श्रद्धालु भक्ति में झूमते दिखे। मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। भजन संध्या में कलाकारों ने असहायों के सहाय आंजनेय हनुमान के भजनों के साथ शिव तांडव की भी शानदार प्रस्तुति दी। भगवान गणेश की आकर्षक झांकी भी प्रस्तुत की गई। इन धार्मिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। लोग देर रात तक भजनों और झांकियों का आनंद लेते रहे। इस आयोजन को सफल बनाने में कुलदीप दुवे, संदीप दुवे, साकेत शांडिल्य, अमन सक्सेना, राजा तिवारी, अजय तिवारी, राजीव दुवे, अक्षत रिछारिया, रुद्र पटेल, सुमित पटेल, प्रबल पटेल, आशीष यादव, हर्षित गुर्जर, आदित्य दीक्षित, शुभ सोनी, यशवर्धन पटेल, आयुष पटेल, रुद्र निरंजन, लक्ष्य अग्रवाल, सोनू और अंश समेत कई लोगों ने सहयोग किया। भजन संध्या के दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी ठीक रही।
Konch, Jalaun | Sep 23, 2026