#भरतपुर। रूपवास कस्बे में उप जिला अस्पताल को रेलवे स्टेशन के पास स्थित मौजूदा स्थल के बजाय 5 किलोमीटर दूर बनाए जाने पर स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों ने कस्बे में रैली निकालकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और विरोध दर्ज कराया। समाजसेवी धीरज शुक्ला का आरोप है कि राजनीतिक भू-माफियाओं ने अपने निजी फायदे के लिए अस्पताल को इतनी दूर स्वीकृत कराया है, जबकि कस्बे के पास ही सरकारी जमीन उपलब्ध है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नए प्रस्तावित स्थल के पास नगरपालिका का कचरा डंपिंग यार्ड है, जिससे मरीजों में संक्रमण फैलने का खतरा रहेगा। इसके अलावा, वहां तक पहुंचने के लिए परिवहन का कोई साधन नहीं है और अस्पताल दूर जाने से कस्बे के छोटे व्यापारियों के रोजगार पर भी बुरा असर पड़ेगा।