#भरतपुर। डीग जिला एसपी कांबले शरण गोपीनाथ के निर्देशन में सीकरी और खोह थाना पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 3 विधि से संघर्षरत किशोरों को निरुद्ध किया है। पुलिस ने अपराधियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल की जा रही 3 बोलेरो गाड़ियां, 13 एंड्रॉयड स्मार्टफोन, 8 फर्जी सिम कार्ड और फिनो बैंक का 1 एटीएम कार्ड जब्त किया है। जानकारी के अनुसार, सीकरी थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की। पहले मामले में पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग में जीत का झांसा देने और सोशल मीडिया पर पुराने सिक्के खरीदने-बेचने के नाम पर रजिस्ट्रेशन व फाइल चार्ज ऐंठने वाले आठ आरोपी दिलसाद (19), इंजमाम उर्फ टुंडल (18), मुबारिक उर्फ मुब्बी (22), इमरान (29), वाहिद उर्फ बोलर (22), सलीम (22), सरफराज (21) और अजरू उर्फ अजरूदीन (25) को दबोचा। इनके पास से 3 मोबाइल, 4 फर्जी सिम, 1 एटीएम और बोलेरो गाड़ी जब्त की गई। इसी थाने के दूसरे मामले में पुलिस ने ओएलएक्स और फेसबुक जैसी साइटों पर सस्ते दामों में सेकेंड हैंड स्कूटी, ओमनी वैन व पुराने सिक्के बेचने के नाम पर डिलीवरी चार्ज की ठगी करने वाले 5 आरोपी बासत अली (26), हफीज (25), हाकम (34), इकलाक मोहम्मद (21) व जमशेद (34) को गिरफ्तार किया तथा 3 बाल अपचारियों को निरुद्ध किया। इनके पास से 7 मोबाइल, 4 फर्जी सिम और 2 बोलेरो गाड़ियां बरामद हुईं। दूसरी ओर, खोह थाना पुलिस ने सेक्सटॉर्शन और ब्लैकमेलिंग के काले कारोबार का पर्दाफाश करते हुए 3 आरोपी आकिब (23) निवासी चुल्हेरा-डीग, परवेज (20) निवासी नूह मेवात-हरियाणा और हसीन (19) निवासी नूह मेवात-हरियाणा को गिरफ्तार किया। ये आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी महिला आईडी बनाकर लोगों को वीडियो कॉल करते थे और न्यूड वीडियो रिकॉर्ड कर उन्हें ब्लैकमेल करते थे। इसके अलावा ये पुराने सोने के सिक्के बेचने के नाम पर भी लोगों को चूना लगाते थे। इनके कब्जे से 3 एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किए गए हैं। पुलिस फिलहाल सभी आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है, जिससे ठगी के अन्य बड़े मामलों का खुलासा होने की संभावना है।