#भरतपुर। बयाना कस्बे के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल में रविवार को 70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ हुआ। इस प्रतियोगिता में नेटबॉल और शतरंज खेल के तहत 17 व 19 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि तहसीलदार नीतेश कुमार गोयल ने खेल ध्वज फहराकर और खिलाड़ियों की मार्चपास्ट की सलामी लेकर किया। समारोह की अध्यक्षता स्कूल के प्रधानाचार्य एवं प्रतियोगिता संयोजक संजय कुमार ने की, जबकि सेवानिवृत्त बीईईओ रामभरोसी गुर्जर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें खेल भावना, अनुशासन व टीम वर्क के साथ अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता संयोजक संजय कुमार ने बताया कि इस जिला स्तरीय आयोजन में नेटबॉल की 40 और शतरंज की 25 टीमें भाग ले रही हैं, जिन्हें लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस दौरान मुख्य निर्णायक प्रहलाद शर्मा, बबिता जैन, अनिल शर्मा, अखिलेश शर्मा, गिरधर सिंह, यशपाल चौधरी, योगेश सहारिया, पुरुषोत्तम, लक्ष्मीनारायण सहित निर्णायक मंडल के सदस्य, विद्यालय स्टाफ और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।