#भरतपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग और रॉकेट लर्निंग के संयुक्त तत्वावधान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए ईसीसीई (प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा) क्षमता विकास प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। 23 जुलाई से शुरू हुए इस कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न ब्लॉकों में अब तक 1,025 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है। हाल ही में रूपबास ब्लॉक के रुदावल सेक्टर में आयोजित सत्र में आईसीडीएस उप निदेशक सिकमाराम चोयल के निर्देशन में कार्यकर्ताओं को बच्चों के सर्वांगीण विकास, बाल मनोविज्ञान और खेल-गतिविधि आधारित शिक्षण तकनीकों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में कागज के गिलासों से टावर बनाने जैसी रोचक गतिविधियों के जरिए यह समझाया गया कि जिस तरह मजबूत नींव पर इमारत टिकती है, उसी तरह शुरुआती वर्ष बच्चे के भविष्य का आधार होते हैं। इसके साथ ही विभिन्न सामग्रियों के माध्यम से अनुभव आधारित अधिगम पर जोर दिया गया ताकि केंद्रों पर बाल-अनुकूल और आनंददायक माहौल तैयार किया जा सके।