#भरतपुर। जिले के रूपवास से जटमासी जाने वाला सड़क मार्ग इन दिनों ग्रामीणों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ है। PWD विभाग द्वारा 11 करोड़ 44 हजार रुपये की लागत से 17 किलोमीटर लंबी इस सड़क का टेंडर कमल बिल्डर्स को दिया गया था, जिसे 16 अगस्त 2025 से 15 जून 2026 के बीच पूरा किया जाना था। हालांकि तय समयसीमा बीत जाने के बाद भी ठेकेदार ने निर्माण कार्य शुरू तक नहीं किया है। इस लापरवाही के चलते सड़क पर 2 से 3 फुट गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे रोजाना ग्रामीणों के वाहन गड्डों में फंस रहे हैं और दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। हालत यह है कि गड्डों में फंसे वाहनों को निकालने के लिए बुलडोजर की मदद लेनी पड़ रही है। जटमासी निवासी पारस चौधरी सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार PWD अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन विभाग न तो काम शुरू करवा रहा है और न ही ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर किसी अन्य को जिम्मेदारी दे रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।