जमोहरा हत्याकांड में एक आरोपी एनकाउंटर में घायल, तीन गिरफ्तार
संतकबीरनगर जिले में जमोहरा हत्याकांड के मामले में संतकबीरनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी राकेश यादव पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक, तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस टीम अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान एक आरोपी भागने की फिराक में था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल आरोपी की पहचान मुख्य आरोपी राकेश यादव के रूप में हुई है।
पुलिस ने घायल राकेश यादव को उपचार के लिए खलीलाबाद स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जमोहरा हत्याकांड के मामले में पुलिस ने हत्या के आरोप में 16 नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।