धनघटा में स्वास्थ्य केंद्रों व विद्यालयों में इंटरलॉकिंग की मांग, अंकिता बाँबी ने डीएम को सौंपा पत्र
संतकबीरनगर। समाजवादी पार्टी की नेता एवं जिला पंचायत सदस्य अंकिता बाँबी ने धनघटा विधानसभा क्षेत्र में बरसात के दौरान जलभराव और कीचड़ की समस्या को लेकर जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर जनहित में इंटरलॉकिंग कराने की मांग की है।
अंकिता बाँबी ने पत्र में बताया कि विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाजार एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाथनगर के परिसर में बारिश के बाद भारी कीचड़ हो जाता है। इससे अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों को पैदल चलने तथा मोटरसाइकिल से आने-जाने में काफी परेशानी होती है। कीचड़ के कारण कई बार लोगों के फिसलकर गिरने की स्थिति भी बन जाती है।
उन्होंने कहा कि मरीजों और आम जनता की सुविधा को देखते हुए दोनों स्वास्थ्य केंद्रों के परिसर में इंटरलॉकिंग लगवाना आवश्यक है।
इसके साथ ही अंकिता बाँबी ने धनघटा विधानसभा क्षेत्र के तीनों विकासखंडों के कई प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के परिसरों में भी बरसात के दौरान होने वाली कीचड़ की समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कीचड़ के कारण बच्चे फिसलकर चोटिल हो सकते हैं और खेलकूद में भी परेशानी होती है।
उन्होंने जिलाधिकारी से विद्यालयों के कीचड़ प्रभावित हिस्सों में भी इंटरलॉकिंग कार्य कराने की मांग की, ताकि बच्चों और आम जनता को राहत मिल सके।