संतकबीरनगर में कायस्थ समाज का शक्ति प्रदर्शन, पदाधिकारियों ने ली शपथ
संतकबीरनगर। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा संतकबीरनगर के तत्वावधान में रविवार को कायस्थ समाज का गौरव एवं श्रेष्ठतम सम्मान समारोह और शपथ ग्रहण समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे सैकड़ों कायस्थ समाज के लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर समाज की एकजुटता और संगठन की मजबूती का संदेश दिया।
समारोह के मुख्य अतिथि एवं मुख्य संरक्षक डॉ. एन.एन. श्रीवास्तव ‘बेचैन’ का पदाधिकारियों और समाज के लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। वहीं जिलाध्यक्ष शक्ति श्रीवास्तव ‘बाबुल’ का भी भव्य स्वागत किया गया।
मुख्य संरक्षक डॉ. एन.एन. श्रीवास्तव ने कहा कि महासभा केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक परिवार है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से समाज के प्रत्येक व्यक्ति को संगठन से जोड़ने और पूरी निष्ठा से जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष रतन श्रीवास्तव ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि पद सम्मान के साथ समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारी भी है।
संरक्षक डॉ. आलोक सिंहा, पूर्व जिलाध्यक्ष विश्वंभर नाथ श्रीवास्तव और प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव ने समाज की एकता, संगठन की मजबूती और युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
अंत में जिलाध्यक्ष शक्ति श्रीवास्तव ‘बाबुल’ ने सभी अतिथियों एवं समाज के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया। समारोह में महिला प्रकोष्ठ समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सैकड़ों कायस्थ समाज के लोग मौजूद रहे।