सैंथवार-मल्ल महासभा ने 2027 के लिए भरी हुंकार, राजनीतिक हिस्सेदारी के संकल्प के साथ नई जिला कमेटी का ऐलान
खलीलाबाद में उमड़ा समाज का सैलाब, क्षेत्रीय विकास एवं सांस्कृतिक महोत्सव में एकजुटता का दिखा दमदार संदेश
खलीलाबाद/संत कबीर नगर। सैंथवार-मल्ल समाज की एकजुटता, सामाजिक चेतना और राजनीतिक भागीदारी का जोरदार प्रदर्शन रविवार को होटल द किंग, खलीलाबाद में आयोजित सैंथवार-मल्ल क्षेत्रीय विकास एवं सांस्कृतिक महोत्सव-2026 में देखने को मिला। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर संगठन की मजबूती और एकता का परिचय दिया।
महोत्सव के दौरान आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में पूर्वांचल में समाज की राजनीतिक ताकत और प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज को अपने हक-अधिकार और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के लिए संगठित होकर निर्णायक भूमिका निभानी होगी।
2027 चुनाव को लेकर बनी रणनीति
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सैंथवार-मल्ल समाज सामाजिक और राजनीतिक रूप से मजबूत है, लेकिन अपनी जनसंख्या और प्रभाव के अनुरूप राजनीतिक भागीदारी अभी अपेक्षित स्तर पर नहीं है। इसलिए आगामी विधानसभा चुनाव में समाज के हितों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व को प्रमुखता देने की रणनीति पर आगे बढ़ने का आह्वान किया गया।
वक्ताओं ने समाज के लोगों से आपसी मतभेदों को दरकिनार कर संगठन के बैनर तले एकजुट होने तथा गांव-गांव संगठन को मजबूत करने की अपील की।नई जिला कमेटी की घोषणा, नवनियुक्त पदाधिकारियों का हुआ स्वागत महोत्सव के दौरान जनपद संत कबीर नगर की नई जिला कमेटी की घोषणा भी की गई। मंच से नवनियुक्त पदाधिकारियों का भव्य स्वागत करते हुए उन्हें संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। पदाधिकारियों से गांव-गांव संपर्क बढ़ाकर समाज के लोगों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया गया।राष्ट्रीय अध्यक्ष गंगा सिंह सैंथवार की मौजूदगी में दिखी एकजुटता कार्यक्रम में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री गंगा सिंह सैंथवार तथा जिलाध्यक्ष श्री अखिलेश्वर सिंह सैथवार , पीयूष सिंह, कृष्ण राज सिंह,सहित महासभा के सभी सम्मानित पदाधिकारी एवं जिलेभर से आए समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे। मंच पर नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान किया गया और संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।कार्यक्रम के दौरान “सैंथवार-मल्ल एकता जिंदाबाद” और “आवाज दो—हम एक हैं” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
*सामाजिक एकता से राजनीतिक ताकत तक का संदेश*
महोत्सव ने जहां सैंथवार-मल्ल समाज की सांस्कृतिक और सामाजिक एकजुटता को सामने रखा, वहीं आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाज की राजनीतिक सक्रियता का भी स्पष्ट संकेत दिया। आयोजकों ने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के अधिकार, सम्मान, विकास और राजनीतिक भागीदारी के लिए लोकतांत्रिक तरीके से प्रभावी आवाज उठाना है।कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने महोत्सव में बड़ी संख्या में पहुंचे समाज के लोगों, महासभा के पदाधिकारियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।