हरदोई में राज्य महिला आयोग की सदस्य एकता सिंह ने सुनीं महिलाओं की 17 शिकायतें, जिला कारागार का भी किया निरीक्षण
हरदोई। राज्य महिला आयोग, उत्तर प्रदेश की सदस्य श्रीमती एकता सिंह ने शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में महिलाओं से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान कुल 17 शिकायतें प्राप्त हुईं। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उनका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महिला आयोग की सदस्य ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए। किसी भी पीड़िता को न्याय पाने के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और गंभीरता बरतने पर भी जोर दिया।
जिला कारागार में महिला बंदियों से की मुलाकात
शिकायतों की सुनवाई के उपरांत राज्य महिला आयोग की सदस्य एकता सिंह ने जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला बंदियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी ली।
उन्होंने जेल प्रशासन से महिला बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही महिला बंदियों की समस्याओं का समाधान करने और उनके साथ संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार निगम, क्षेत्राधिकारी सदर, प्रोबेशन विभाग से सुरभि सिंह, रामू, अभिषेक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
द हरदोई समाचार
Bilgram, Hardoi | Nov 20, 2026