मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर और प्रेशर हॉर्न के खिलाफ चला चेकिंग अभियान, दो वाहनों का चालान
हरदोई। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत परिवहन विभाग ने मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। शनिवार को चलाए गए अभियान के दौरान प्रेशर हॉर्न लगे पाए जाने पर दो वाहनों का चालान किया गया।
शासन के निर्देशानुसार 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन/प्रवर्तन के नेतृत्व में 21 नवंबर को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान वाहनों की जांच कर प्रेशर हॉर्न लगे पाए जाने पर दो वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों को चेतावनी दी है कि वे अपने वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर और प्रेशर हॉर्न लगाकर संचालन न करें। जांच के दौरान ऐसे उपकरण लगे पाए जाने पर प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए पंपलेट और बुकलेट वितरित किए गए। लोगों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित वाहन संचालन की शपथ भी दिलाई गई।
Bilgram, Hardoi | Nov 21, 2026