श्री गणेश इंटर कॉलेज में लगी यातायात जागरूकता पाठशाला, छात्र-छात्राओं को बताए सड़क सुरक्षा के नियम
हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग पर दिया जोर, सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने के लिए किया प्रेरित
कासगंज। यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत श्री गणेश इंटर कॉलेज कासगंज में यातायात जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी देकर जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात रजनीश कुमार उपाध्याय, एआरटीओ राम प्रकाश मिश्रा तथा प्रभारी यातायात लक्ष्मण सिंह ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का महत्व समझाया।
अधिकारियों ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठें तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। इसके अलावा ओवरस्पीड और गलत दिशा में वाहन चलाने से बचने की सलाह दी गई।
विद्यार्थियों को नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने, बिना लाइसेंस और आवश्यक कागजात के वाहन न चलाने, हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगवाने तथा प्रेशर हॉर्न एवं मोडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग न करने के प्रति भी जागरूक किया गया। पैदल चलते समय फुटपाथ और जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने की जानकारी दी गई।
गोष्ठी में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने तथा गुड सेमेरिटन की भूमिका निभाने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर मदद करना किसी का जीवन बचा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को यातायात नियमों का सदैव पालन करने की शपथ दिलाई गई तथा यातायात जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार एवं आस-पड़ोस के लोगों को भी जागरूक करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।