### राष्ट्रीय एकता दिवस पर कासगंज पुलिस ने ली एकता और अखंडता की शपथ
### लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर पुलिस लाइन सहित जिले के सभी थानों और कार्यालयों में हुए कार्यक्रम, एसपी ओपी सिंह ने दिलाई शपथ
कासगंज। लौह पुरुष एवं देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री तथा गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को जनपद में राष्ट्रीय एकता दिवस पूरे उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर कासगंज पुलिस की ओर से पुलिस लाइन, पुलिस कार्यालय सहित जनपद के सभी थानों और चौकियों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
रिजर्व पुलिस लाइन कासगंज में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। वहीं पुलिस कार्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के नेतृत्व में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इसमें कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।
इसी क्रम में जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने सर्किल के थानों और चौकियों में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित कराए। इन कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
देश की आंतरिक सुरक्षा मजबूत करने का लिया संकल्प
शपथ ग्रहण के दौरान पुलिसकर्मियों ने संकल्प लिया कि वे राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। साथ ही व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाने में योगदान देंगे।
सरदार पटेल का जीवन देश सेवा की प्रेरणा : एसपी
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और आपसी सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लेने का दिन है। सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन और उनके दृढ़ निर्णय देश सेवा के लिए सर्वस्व समर्पित करने की प्रेरणा देते हैं। कासगंज पुलिस भी राष्ट्र की सुरक्षा और एकता बनाए रखने के संकल्प को पूरी ईमानदारी से निभाती रहेगी।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता और सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
#Kasganjpolice
Kasganj, Kasganj | Oct 31, 2026