त्योहारों को लेकर कासगंज और बिलराम में पुलिस का पैदल मार्च, एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
बाजारों में व्यापारियों और आमजन से किया संवाद, अराजक तत्वों पर नजर रखने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
कासगंज। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने बुधवार को पुलिस बल के साथ कोतवाली कासगंज क्षेत्र के प्रमुख बाजारों एवं थाना ढोलना क्षेत्र के कस्बा बिलराम में पैदल गश्त की। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर आँचल चौहान भी मौजूद रहीं।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों, व्यस्त मार्गों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसपी ने स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव जाने। साथ ही लोगों से आगामी त्योहारों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने तथा आमजन के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, नियमित पैदल गश्त और प्रभावी चेकिंग कराने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और बाजारों में जाम की स्थिति उत्पन्न न होने देने पर विशेष जोर दिया।
कासगंज पुलिस द्वारा आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी और गश्त की जा रही है।
#Kasganjpolice