मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत मोहनगढ़ में जनसंवाद शिविर आयोजित
-
शिविर में प्राप्त हुए 114 आवेदन, राजस्व प्रकरणों के 20 निराकृत आदेश हितग्राहियों को किए गए वितरित
-
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आज मोहनगढ़ में जनसंवाद शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों का स्थानीय स्तर पर निराकरण सुनिश्चित करना तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना रहा।
शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याओं, मांगों एवं विभिन्न शासकीय सेवाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। इस दौरान कुल 114 आवेदन प्राप्त हुए। संबंधित विभागों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्यवाही की प्रक्रिया प्रारंभ की गई, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
शिविर के दौरान राजस्व विभाग से संबंधित सीमांकन, नामांतरण एवं बंटवारे के प्रकरणों में कार्यवाही करते हुए 20 निराकृत आदेश हितग्राहियों को वितरित किए गए। आदेश प्राप्त होने पर संबंधित हितग्राहियों को राजस्व संबंधी मामलों में राहत मिली।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासन को सीधे आमजन तक पहुंचाकर उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। इस प्रकार के जनसंवाद शिविर ग्रामीणों के लिए अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने तथा शासकीय सेवाओं का लाभ सुगमता से प्राप्त करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री विशाल धाकड़, तहसीलदार मोहनगढ़ श्री सावंत सिंह सहित जनप्रतिनिधि तथा स्थानीयजन उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh