एसडीएम के आदेश के बावजूद तेंदुनी चौक पर नहीं थम रहा बसों का ठहराव
बिक्रमगंज। तेंदुनी चौक पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए एसडीएम बिक्रमगंज द्वारा जारी निर्देश के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है। चौक से करीब 100 मीटर की दूरी पर निर्धारित टेंपो व बस स्टैंड में बसों को रोकने का आदेश दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद मुख्य चौक और आसपास के मार्गों पर बसें खड़ी हो रही हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि तेंदुनी चौक पर व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रतिनियुक्त बीसीओ के नियमित रूप से मौजूद नहीं रहने के कारण बस संचालक निर्धारित स्थान के बजाय चौक और मुख्य मार्गों पर ही बसें रोक रहे हैं। इससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है और राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लोगों का कहना है कि एसडीएम के स्पष्ट आदेश के बाद भी नियमों का पालन नहीं कराया जाना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। लोगों ने मांग की है कि प्रतिनियुक्त पदाधिकारी की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कर बसों को निर्धारित स्टैंड में ही रोका जाए, ताकि तेंदुनी चौक पर यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके।
Kargahar, Rohtas | Oct 7, 2026