*प्रत्येक संभाग में डिजिटल कॉन्क्लेव आयोजित कर निवेश और छोटे उद्यमियों को दिया जा रहा बढ़ावा - मंत्री श्री राकेश शुक्ला*
*मध्यप्रदेश विकास और लोक कल्याण के संकल्प पथ पर अग्रसर है - सांसद श्रीमती राय*
*समारोह पूर्वक मनाया गया "मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस"*
*मंत्री श्री शुक्ला ने राष्ट्रध्वज फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत की*
*छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां दी गईं*
*भिण्ड 01 नवम्बर 2026/*
मध्य प्रदेश का 71वां स्थापना दिवस भिण्ड जिले में हर्षोल्लास के साथ एवं समारोह पूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने मेला ग्राउण्ड भिण्ड के पास कम्युनिटी हॉल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में राष्ट्रध्वज फहराकर, मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें नमन किया।
इस दौरान सांसद श्रीमती संध्या राय, कलेक्टर भिण्ड श्री पवन जैन, पुलिस अधीक्षक श्री सूरज कुमार वर्मा, सीईओ जिला पंचायत भिण्ड श्री वीरसिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री राजन बी नाडिया सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण, छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा लोकतंत्र सेनानियों और शहीदों के परिजनों को फूलमाला और शॉल-श्रीफल से सम्मानित किया गया।
71वें मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने कहा कि प्रदेश पहले बीमारू राज्य कहा जाता था, लेकिन अब हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश की प्रगति को गर्व का विषय बताया।
मंत्री श्री शुक्ला ने कहा कि पिछले वर्ष को प्रदेश सरकार ने उद्योग वर्ष के रूप में मनाया, जिसमें प्रत्येक संभाग में डिजिटल कॉन्क्लेव आयोजित कर निवेश और छोटे उद्यमियों को बढ़ावा दिया गया। इस वर्ष किसान कल्याण वर्ष मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य किसानों की आय दोगुनी करना और उन्हें समृद्ध बनाना है।
नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री शुक्ला ने भिण्ड के निवासियों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से हर छत पर सोलर पैनल लगाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सोलर ऊर्जा अपनाने से बिजली का भार काफी कम होगा और बैटरी युक्त रूफटॉप प्रणाली से दिन-रात बिजली उपलब्ध होगी। प्रदेश में रूफटॉप सोलर को तेजी से बढ़ाने की योजना पर काम चल रहा है।
मंत्री श्री शुक्ला ने कहा कि भिण्ड अब शहीदों की भूमि के रूप में गौरवान्वित है और इसे सोलर ऊर्जा, स्वच्छता एवं विकास के क्षेत्र में भी अग्रणी बनाना है। उन्होंने कचरे से बिजली उत्पादन की परियोजना और मुरैना में बड़े सौर प्रोजेक्ट का उल्लेख किया। उन्होंने आगे आने वाली पीढ़ी के लिए हरा-भरा और विकसित भिण्ड बनाने का संकल्प दोहराया।
सांसद श्रीमती संध्या राय ने प्रदेश की बदलती तस्वीर को उजागर करते हुए कहा कि राज्य कृषि, महिला सशक्तिकरण, युवा रोजगार, पर्यटन और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयां छू रहा है।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश गेहूं उपार्जन, दलहन और तिलहन उत्पादन में देश में अग्रणी बना हुआ है। किसानों को आधुनिक तकनीक, सिंचाई और बाजार से जोड़ने के प्रयासों से प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था को नई गति मिल रही है। राज्योत्सव में आधुनिक कृषि प्रदर्शनी और विकास दीर्घा के माध्यम से इसी प्रगति को प्रदर्शित किया जा रहा है।
सांसद श्रीमती राय ने कहा कि लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी जैसी योजनाओं और महिलाओं को नगरीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण देने के निर्णय से महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां शिक्षा, खेल, उद्यम और सार्वजनिक जीवन में अपनी पहचान बना रही हैं। राज्योत्सव में महिला उद्यमिता मंडप भी इसी सशक्तिकरण की प्रगति दिखाता है।
एमएसएमई से जुड़ाव, स्वरोजगार और रोजगार के अवसरों से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का काम तेज हुआ है। गरीब परिवारों को आवास, उज्ज्वला गैस और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़कर उनके जीवन में सम्मान और सुविधा लाने का प्रयास किया जा रहा है।
अमृत भारत स्टेशन योजना से रेलवे स्टेशनों का स्वरूप बदल रहा है, जबकि पीएम ग्राम सड़क योजना से गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। एयरपोर्ट, नदी जोड़ो परियोजनाएं और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश विकास की मुख्य धारा से तेजी से जुड़ रहा है।
सांसद श्रीमती संध्या राय ने जिले वासियों से अपील कर कहा कि सरकारी योजनाओं के साथ-साथ हर नागरिक स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे। उन्होंने कहा कि गांव, मोहल्ला और शहर को स्वच्छ रखना ही विकसित मध्य प्रदेश के संकल्प को सार्थक बनाएगा।
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ "मध्यप्रदेश गान" के साथ हुआ। शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.वि. क्रमांक 01, सांदीपनि शासकीय उमावि क्रमांक 02, शासकीय माध्यमिक विद्यालय एसएएफ भिण्ड, शासकीय एमजेएस महाविद्यालय भिण्ड तथा महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भिण्ड की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला द्वारा मध्यप्रदेश सरकार की बहुउद्देशीय ‘श्रीकृष्ण पाथेय योजना’ के अंतर्गत मेहगांव की प्रतिभाशाली छात्रा कु. राधा को एक लाख रुपये का चेक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी/कर्मचारियों को प्रमाण पत्र देकर पुरुस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। जिसमें उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग भिण्ड, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग भिण्ड, पशुपालन एवं डेयरी विभाग भिण्ड,राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, म.प्र.-डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई। #viralreelsシ #viralreelsfaceboo #viralreelsfacebook #MPNews #भिंडसमाचार CM Madhya Pradesh Collector Office Bhind OPS Bhadoria