*भिण्ड जिले के किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान*
*जिला स्तरीय स्थापना दिवस समारोह में मंत्री श्री शुक्ला और सांसद श्रीमती राय ने सौंपी प्रतीकात्मक चाबी*
*मौ के श्री जगमोहन बघेल को ट्रैक्टर, मिहोना के श्री सरदार सिंह को बुलेट बाइक और भिण्ड की श्रीमती कोमलश्री को ई-स्कूटी मिली*
*भिण्ड 01 नवम्बर 2026/*
जिला स्तरीय स्थापना दिवस समारोह में भिण्ड जिले के किसान कल्याण स्वाभिमान प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला और सांसद श्रीमती संध्या राय द्वारा प्रतीकात्मक चाबी सौंप कर किया गया। प्रतियोगिता अंतर्गत मौ तहसील के छैंकुरी निवासी श्री जगमोहन बघेल को प्रथम पुरस्कार स्वरूप ट्रैक्टर प्राप्त हुआ है। पुरस्कार उनकी माताजी द्वारा ग्रहण किया गया। मिहोना तहसील के सिंघपुरा निवासी श्री सरदार सिंह को द्वितीय पुरस्कार बुलेट बाइक प्राप्त हुई है तथा भिण्ड तहसील की बिलाव निवासी श्रीमती कोमलश्री को ई-स्कूटी प्राप्त हुई है। सभी विजेताओं ने पुरस्कार के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का आभार व्यक्त किया है।
कृषक कल्याण वर्ष 2026 अंतर्गत किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व प्रतियोगिता का आयोजन 29 जनवरी से 15 मार्च, 2026 के बीच संस्कृति संचालनालय के वीर भारत न्यास द्वारा किया गया था। प्रदेश के मूलनिवासी कृषकों को प्रतियोगिता अंतर्गत 24 मिनिट में 24 आसान प्रश्नों के उत्तर ऑनलाइन देने थे। लॉटरी पद्धति से विजेताओं का चयन 27 अक्टूबर 2026 को किया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर प्रतियोगिता के प्रदेश के 55 जिलों के प्रथम विजेताओं को 55 ट्रैक्टर, द्वितीय विजेताओं को 55 बुलेट और तृतीय विजेताओं को 55 ई-स्कूटी प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की पहल पर देश में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में किसानों के लिए उपयोगी पुरस्कार वितरित किए गए हैं।
उपसंचालक कृषि विभाग श्री राम सुजान शर्मा ने बताया कि वर्ष 2026 किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है और किसानों के हित के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पूरे प्रदेश में किसान कल्याण स्वाभिमान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसमें भिण्ड जिले के टॉप तीन चयनित कृषकों को क्रमशः ट्रैक्टर, रॉयल एनफील्ड बुलेट और ई-स्कूटी प्रदान की गई है। श्री शर्मा ने बताया कि चयनित कृषकों द्वारा उनकी पसंद के अनुसार वाहन कोटेशन प्रस्तुत किए गए थे और डीबीटी के माध्यम से प्राप्त पुरस्कार राशि मिलने के 10 दिवस के भीतर विजेताओं को वाहन क्रय करना होगा। उन्होंने जिलेवासियों की ओर से विजेताओं को बधाई दी और किसानों को मिले इनाम के लिए मुख्यमंत्री डॉ यादव का धन्यवाद दिया। उन्होंने कृषकों से अपील की कि उन्नत कृषि पद्धति को अपनाएं और जिले को प्रगति में योगदान दें।
.