गयाजी में पितृपक्ष मेला की तैयारी तेज. प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विष्णुपद मंदिर में पूजा कर लिया व्यवस्थाओं का जायजा
गया जी. बिहार सरकार के कृषि मंत्री सह गया जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को विश्व प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर पहुंचकर पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की. पूजा के बाद उन्होंने आगामी पितृपक्ष मेला 2026 की तैयारियों को लेकर मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया और अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली.
पितृपक्ष मेला को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नए उत्साह, पवित्रता, सनातन संस्कृति, संस्कार और विश्वास के साथ पितृपक्ष मेला शुरू होगा. मेले की तैयारियों में शासन और प्रशासन दोनों पूरी तरह जुटे हुए हैं.
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर जोर
प्रभारी मंत्री ने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु अपने पितरों की तृप्ति के लिए गयाजी में पिंडदान करने आते हैं. ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सेवा में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए. प्रशासनिक अधिकारियों, स्थानीय लोगों और धर्मकार्य से जुड़े सभी लोगों को सेवा भाव के साथ कार्य करने की जरूरत है.
पिछले अनुभवों से व्यवस्थाओं को किया जाएगा बेहतर
उन्होंने कहा कि पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर बैठक भी की जा रही है, जिसमें पिछले वर्षों के अनुभव और प्राप्त सुझावों के आधार पर व्यवस्थाओं को और बेहतर किया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सफाई, यातायात, पेयजल, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पूर्व तैयारी पूरी तरह सुनिश्चित की जाए, ताकि मेला के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
अप्रिय घटना रोकने के लिए विभागों में समन्वय जरूरी
प्रभारी मंत्री ने कहा कि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, पुलिस अधीक्षक समेत सभी संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें. पिछले अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इस बार व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है.
विरासत के साथ विकास और सेवा का भाव
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार की धरती पर ‘विरासत के साथ विकास’ और सेवा का भाव आगे बढ़ रहा है. पितृपक्ष मेला में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर सेवा मिले, इसके लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह सजग है.
समस्या आने पर समाधान के लिए रहेंगे तत्पर
उन्होंने कहा कि गया के प्रभारी मंत्री के रूप में वे स्वयं भी पूरी तरह सजग हैं और मेला के दौरान यदि किसी प्रकार की समस्या सामने आती है तो उसके समाधान के लिए तत्पर रहेंगे.
कई अधिकारी और स्थानीय नेता रहे मौजूद
इस मौके पर गया के जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कई स्थानीय नेता मौजूद रहे.
#VijaySinha
#गयाजी
#गया_हो
#GayaNews
#GayaPolice
#क्राइम
#LatestNews
#vishnupattemple
#JitanRamManjhi
#BiharPolitics