नाथनगर में काली पूजा की तैयारी तेज, 10 नवंबर को निकलेगी विसर्जन शोभायात्रा
जुलूस में अश्लील गानों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध, शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पूजा समितियों की बैठक
जिला – भागलपुर | रिपोर्ट – चमन अली
भागलपुर। नाथनगर में आगामी काली पूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में नाथनगर सार्वजनिक पूजा समारोह समिति के अध्यक्ष पप्पू यादव की अध्यक्षता में नाथनगर थाना चौक स्थित राम जानकी ठाकुरबाड़ी, सुजापुर में पूजा समितियों के मेढ़पतियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नाथनगर इंस्पेक्टर परमेश्वर सहनी, समिति के संरक्षक भवेश यादव, उपाध्यक्ष अमरकांत मंडल, महामंत्री देवाशीष बनर्जी, अशोक राय सहित शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के कई मेढ़पति उपस्थित रहे।
बैठक में काली पूजा एवं विसर्जन शोभायात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विसर्जन शोभायात्रा के दौरान अश्लील गानों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सभी पूजा समितियों से नियमों का पालन करने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
इस दौरान सभी मेढ़पतियों ने पूजा समिति के अध्यक्ष पप्पू यादव एवं नाथनगर थानाध्यक्ष का स्वागत किया।
समिति की ओर से बताया गया कि 10 नवंबर को मां काली की प्रतिमाओं का विसर्जन चंपा नदी में किया जाएगा। आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए समिति एवं पुलिस प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
Rahui, Nalanda | Oct 31, 2026