नालंदा -(रहूई)गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज में सीबीसी जांच के लिए लगी आधुनिक ऑटोमैटिक मशीन, मरीजों को मिलेगी राहत
रहुई प्रखंड के पैठना-भागन बिगहा स्थित गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को सीबीसी जांच के लिए आधुनिक ऑटोमैटिक फाइव पार्ट मशीन की शुरुआत की गई। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विकास वैभव ने फीता काटकर मशीन का उद्घाटन किया।
इस मौके पर प्राचार्य डॉ. विकास वैभव एवं डॉ. सुमंत कोले ने बताया कि कॉलेज में अब तक सीबीसी (कंप्लीट ब्लड काउंट) जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इसके कारण मरीजों को खून की जांच कराने के लिए निजी जांच केंद्रों का सहारा लेना पड़ता था। इससे उन्हें अतिरिक्त समय और पैसे खर्च करने पड़ते थे।
उन्होंने बताया कि आधुनिक ऑटोमैटिक फाइव पार्ट मशीन लगने से अब मरीजों को कॉलेज परिसर में ही सीबीसी जांच की सुविधा मिल सकेगी। यह मशीन पूरी तरह स्वचालित है और कम समय में जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने में सक्षम है। इससे मरीजों को बाहर जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। साथ ही समय और पैसे की बचत होगी तथा इलाज की प्रक्रिया भी पहले से अधिक आसान और सुविधाजनक बनेगी।
कॉलेज प्रशासन ने बताया कि स्वास्थ्य जांच की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे कॉलेज में इलाज कराने आने वाले मरीजों को काफी सहूलियत मिलेगी।
Rahui, Nalanda | Oct 30, 2026