टीबी मुक्त भारत अभियान में विद्यार्थियों को किया जागरूक, पूर्व एनसीसी कैडेट के लेफ्टिनेंट बनने पर हुआ भव्य स्वागत
ऋषिगालव महाविद्यालय में टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को टीबी रोग के लक्षण, बचाव, जांच एवं उपचार की जानकारी देते हुए समाज में टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला समन्वयक टीबी पीएमडीटी अवधेश शर्मा, योगेन्द्र सिंह कुशवाहा तथा जिला समन्वयक हिन्दुस्तान वेलनेस एनजीओ गोविन्द सेंथिया ने विद्यार्थियों को टीबी से बचाव एवं उपचार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस अवसर पर 8 एमपी बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल सुमित के निर्देशानुसार ग्वालियर से हवलदार प्रभु सिंह एवं हवलदार चिरेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे। हवलदार प्रभु सिंह ने बताया कि एनसीसी कैडेटों एवं टीम के सहयोग से मुरैना शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य आई.ए. गौरी, एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट मुश्ताक अली, प्रोफेसर डॉ. पी.के. चतुर्वेदी, चीफ ऑफिसर प्रदीप शर्मा, केयरटेकर अजय कुमार राजपूत सहित 150 से अधिक एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के लिए गौरव का क्षण भी आया, जब पूर्व एनसीसी कैडेट सीनियर अंडर ऑफिसर शिवकुमार सिकरवार लेफ्टिनेंट बनने के बाद पहली बार महाविद्यालय पहुंचे। महाविद्यालय परिवार एवं एनसीसी कैडेटों ने उनका भव्य स्वागत किया। प्राचार्य आई.ए. गौरी, प्रोफेसर डॉ. पी.के. चतुर्वेदी एवं एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट मुश्ताक अली ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
पूर्व एनसीसी कैडेट का लेफ्टिनेंट बनकर महाविद्यालय लौटना वर्तमान कैडेटों के लिए प्रेरणादायी अवसर रहा। उनकी उपलब्धि से विद्यार्थियों में उत्साह का संचार हुआ और उन्हें अनुशासन, नेतृत्व, समर्पण तथा राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरणा मिली। दोनों कार्यक्रमों में महाविद्यालय एवं एनसीसी परिवार की सक्रिय सहभागिता रही।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
289 views | Morena, Madhya Pradesh | Sep 19, 2026