एस.आर.डी. कॉलेज से मानसिंह का पुरा तक 1.52 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी सड़क
कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने किया भूमिपूजन, क्षेत्रवासियों को मिलेगी सुगम आवागमन की सुविधा
ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल और पुल-पुलियों सहित मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता
प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने सुमावली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एस.आर.डी. कॉलेज से मानसिंह का पुरा तक लगभग 1.5 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। लगभग 1 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी तथा ग्रामीण क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सर्वसमाज के कल्याण और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। गांवों में सड़क, बिजली, पेयजल, पुल-पुलियों सहित आवश्यक अधोसंरचना का विकास प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों और बाजारों से जोड़ने के साथ-साथ आवागमन को सुगम बनाने और स्थानीय विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
मंत्री श्री कंषाना ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना का विस्तार कर आमजन को बेहतर और सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरों के समान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने मानसिंह का पुरा में सामुदायिक भवन के निर्माण की भी जानकारी दी। सामुदायिक भवन बनने से स्थानीय नागरिकों को सामाजिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
सड़क निर्माण कार्य के भूमिपूजन अवसर पर देवरी के सरपंच श्री बृजकिशोर डंडोतिया, समाजसेवी श्री नरेन्द्र सिकरवार, श्री बालकिशन साटा सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #Morena Jansampark Madhya Pradesh