#MereSapnoKaBharat विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित
रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से छात्राओं ने उकेरा विकसित भारत का सपना
#SewaSankalpAbhiyan के अंतर्गत शासकीय कन्या महाविद्यालय, मुरैना में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राम लखन धाकड़ के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए चित्रों और अपने विचारों के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना को रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रदान की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. नीति पाण्डे ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं की रचनात्मक सोच, नवाचार और सकारात्मक दृष्टिकोण देश के विकास को नई दिशा प्रदान कर सकते हैं। उन्होंने छात्राओं का आह्वान किया कि वे अपने सपनों और विचारों को सकारात्मक दिशा देते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपने रंगों और कल्पनाओं के माध्यम से विकसित भारत की तस्वीर प्रस्तुत की। प्रतियोगिता में तरंग तोमर ने प्रथम, आरती गुप्ता ने द्वितीय तथा विशाखा कोटिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने शिक्षा, आत्मनिर्भरता, महिला सशक्तिकरण, नवाचार और राष्ट्र विकास जैसे विषयों पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए। भाषण प्रतियोगिता में खुशी दंडोतिया ने प्रथम, रितु शर्मा ने द्वितीय तथा सानवी तोमर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिताओं में निर्णायक के रूप में डॉ. नीना चौधरी एवं डॉ. रजनी कुमारी ने अपनी भूमिका निभाई। इस अवसर पर डॉ. कल्पना शर्मा, डॉ. शरद कटियार एवं सीमा पाठक सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम प्रभारी प्रियंका शर्मा ने अतिथियों, निर्णायकों, महाविद्यालय के स्टाफ एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता और रचनात्मक प्रस्तुतियों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
#morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh