#SewaSankalpAbhiyan के अंतर्गत #PMSuryaGhar मुफ्त बिजली योजना के लिए लगेंगे #SevaSetu कैम्प
22 सितम्बर से जिले में विभिन्न स्थानों पर होंगे कैम्प, 5 से 7 अक्टूबर तक चलेगा विशेष तीन दिवसीय पंजीयन अभियान
मौके पर ही ऑनलाइन आवेदन एवं पंजीयन की सुविधा, रूफटॉप सोलर, अनुदान एवं ऋण संबंधी मिलेगी जानकारी
सेवा-संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिकाधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में 22 सितम्बर से विभिन्न स्थानों पर ‘सेवा सेतु कैम्प’ आयोजित किए जाएंगे। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के निर्देशानुसार 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा-संकल्प अभियान के दौरान नागरिकों को रूफटॉप सोलर अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ योजना की जानकारी और आवेदन की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जाएगी।
जिले में पहला ‘सेवा सेतु कैम्प’ 22 सितम्बर 2026 को एमपीईबी कार्यालय, पुराने बस स्टैंड के पास, एम.एस. रोड, मुरैना में आयोजित किया जाएगा। कैम्प में नागरिकों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, रूफटॉप सोलर संयंत्र की स्थापना, अनुदान तथा बैंक ऋण से संबंधित जानकारी दी जाएगी। इच्छुक नागरिकों के लिए मौके पर ही ऑनलाइन आवेदन एवं पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
प्रत्येक ‘सेवा सेतु कैम्प’ में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से संबंधित स्टॉल एवं कियोस्क स्थापित किए जाएंगे। जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी, संबंधित विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी, अधिकृत सोलर वेंडर तथा बैंक प्रतिनिधि आपसी समन्वय से नागरिकों को योजना की जानकारी देने के साथ आवेदन एवं पंजीयन की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।
सेवा-संकल्प अभियान के दौरान योजना से अधिकाधिक पात्र हितग्राहियों को जोड़ने के उद्देश्य से 5, 6 एवं 7 अक्टूबर 2026 को विशेष तीन दिवसीय पंजीयन अभियान भी संचालित किया जाएगा। इस दौरान नागरिकों को मौके पर ही ऑनलाइन आवेदन करने तथा योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी। जिला स्तरीय बैंकर्स समिति एवं स्थानीय बैंक प्रतिनिधियों के सहयोग से पात्र हितग्राहियों को सोलर संयंत्र की स्थापना के लिए उपलब्ध ऋण सुविधा, ऋण प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी जानकारी प्रदान की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 सितम्बर को मुरैना के एमपीईबी कार्यालय, पुराने बस स्टैंड के पास, एम.एस. रोड, 25 सितम्बर को जौरा, 28 सितम्बर को कैलारस, 1 अक्टूबर को अंबाह, 5 अक्टूबर को पहाड़गढ़, 6 अक्टूबर को पोरसा तथा 7 अक्टूबर 2026 को सबलगढ़ में ‘सेवा सेतु कैम्प’ आयोजित किया जाएगा।
नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने नजदीकी ‘सेवा सेतु कैम्प’ में पहुंचकर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रतानुसार रूफटॉप सोलर संयंत्र के लिए पंजीयन कराएं। सेवा-संकल्प अभियान के माध्यम से योजना की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने से नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया को समझने और योजना का लाभ प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। रूफटॉप सोलर के उपयोग से स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ घरेलू विद्युत व्यय में कमी लाने में भी मदद मिलेगी।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh