रक्षाबंधन पर डीएम को बांधी राखी, स्काउट-गाइड ने दोहराई सेवा की शपथ
जहानाबाद : रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को भारत स्काउट एवं गाइड के कैडेट्स तथा पीपीएम स्कूल के बच्चों ने जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया को रक्षा सूत्र बांधकर पर्व मनाया। डीएम ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर डीएम ने कहा कि भारत स्काउट एवं गाइड बच्चों में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व, सामाजिक दायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने भी स्काउट एवं गाइड का प्रशिक्षण लिया है। उन्होंने कैडेट्स के साथ स्काउट-गाइड के नियम, प्रतिज्ञा, विभिन्न प्रकार की गांठों, प्रार्थना और झंडा गीत से जुड़े अनुभव साझा किए।
पीपीएम स्कूल के बच्चों ने भी उत्साह के साथ डीएम को राखी बांधी और उनसे संवाद किया। डीएम ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने तथा परिवार, विद्यालय और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला संगठन आयुक्त हरिशंकर कुमार ने स्काउट-गाइड साइन के साथ कैडेट्स को प्रतिज्ञा एवं शपथ दिलाई। कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्य जिला आयुक्त कुमार त्रिपुरारी ने किया। इस मौके पर डीएम ने बच्चों को सेवा-भाव, सद्भाव और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।