रक्षाबंधन पर ‘पुलिस दीदी’ ने संभाली सुरक्षा की कमान, शहर में विशेष पेट्रोलिंग
जहानाबाद : रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक किरण कुमार के निर्देशन में शुक्रवार को “पुलिस दीदी” पेट्रोलिंग टीम (अभया ब्रिगेड) द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष पेट्रोलिंग अभियान चलाया गया।
स्कूटी से लैस पुलिस दीदी की टीम ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, कॉलेजों, भीड़भाड़ वाले बाजारों एवं संवेदनशील स्थानों का लगातार भ्रमण किया। इस दौरान महिलाओं, बालिकाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखी गई। साथ ही असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर भी पुलिस टीम ने पैनी नजर बनाए रखी।
पुलिस दीदी टीम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा का भाव मजबूत करना तथा किसी भी आपात स्थिति में उन्हें तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है। पेट्रोलिंग के दौरान टीम द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा एवं जागरूकता के प्रति भी जानकारी दी जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की परेशानी या आपात स्थिति में महिलाएं एवं बालिकाएं तत्काल पुलिस से संपर्क कर सकती हैं। अभया ब्रिगेड की टीम क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखेगी।