पौड़ीलिंगा विद्यालय में बाल विवाह, दहेज प्रथा एवं लैंगिक हिंसा के प्रति जागरूकता
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री विनोद परस्ते के मार्गदर्शन में नर्मदा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पौड़ीलिंगा, विकासखंड निवास में वन स्टॉप सेंटर द्वारा हब एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत मासिक थीम आधारित जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक सुश्री प्रेरणा मर्सकोले ने विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणाम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, लैंगिक हिंसा की रोकथाम एवं पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लिंग परीक्षण कराना कानूनन अपराध है तथा इसके लिए कठोर दंड का प्रावधान है। साथ ही विद्यार्थियों को पोषण, स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों के महत्व एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की गई। सत्र में हाथ धोने की उचित विधि भी समझाई गई।
विद्यार्थियों को महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 तथा टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 की जानकारी देकर आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
पैरालीगल वॉलेंटियर श्रीमती शिखा श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता योजना, हिट एंड रन योजना, पीड़ित प्रतिकर योजना, यातायात नियमों, शिक्षा के अधिकार, समानता के अधिकार, लोक अदालत एवं नैतिक कर्तव्यों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने विधिक सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 15100 के बारे में भी बताया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुमार अंकुश मार्काे, कुमारी आशराना बेगम एवं कुमारी अर्चना मरावी को उपहार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री एस.के. दगोरिया, शिक्षक श्रीमती नीलमानी झारिया, श्री बी.डी. अहिरवार, श्रीमती उजाया मरावी, श्री एल.एस. आरमो, श्री आर.एस. सोनी, श्री एल.एम. पटेल, श्री सूरज सिंह धुर्वे, श्री टी.आर. साहू, श्री डी.के. दास तथा बहुउद्देशीय कार्यकर्ता श्री हरिशंकर कछवाहा उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Mandla, Madhya Pradesh | Oct 18, 2026