पॉक्सो पीड़ित बच्चों को संरक्षण और संबल देंगी शौर्या दीदियां
मंडला में जिला स्तरीय क्षमता वर्धन प्रशिक्षण आयोजित, बाल अधिकारों, मनोवैज्ञानिक सहायता एवं पुनर्वास की दी गई जानकारी
पॉक्सो अपराधों से प्रभावित बच्चों को सुरक्षा, भावनात्मक संबल एवं पुनर्वास में सहयोग देने के उद्देश्य से जिला योजना भवन मंडला में शौर्या दीदियों का जिला स्तरीय एक दिवसीय क्षमता वर्धन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में बाल अधिकारों, पॉक्सो अधिनियम, मनोवैज्ञानिक प्राथमिक सहायता, संवेदनशील संवाद एवं पीड़ित बच्चों की गोपनीयता बनाए रखने संबंधी जानकारी दी गई।
उच्च न्यायालय जबलपुर की किशोर न्याय समिति के निर्देशानुसार महिला स्व-सहायता समूहों एवं सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी महिलाओं को शौर्या दीदी के रूप में नामांकित किया गया है। ये महिलाएं पॉक्सो पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों को भावनात्मक सहयोग देने तथा आवश्यकतानुसार संबंधित संस्थाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
कार्यक्रम में न्यायमूर्ति श्री आनंद पाठक, अध्यक्ष किशोर न्याय समिति, मध्यप्रदेश ने बच्चों की गरिमा, सुरक्षा एवं सर्वोत्तम हितों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास डॉ. अमिताभ अवस्थी ने शौर्या दीदियों की भूमिका बताई।
राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय गांधीनगर की वरिष्ठ वैज्ञानिक सुश्री शुभम ठकराल ने मनोवैज्ञानिक प्राथमिक सहायता एवं पीड़ित बच्चों से संवेदनशील संवाद की जानकारी दी। यूनिसेफ के बाल संरक्षण अधिकारी श्री गोविन्द बेनीवाल ने बच्चों को उपलब्ध संरक्षण, चिकित्सा, विधिक सहायता एवं पुनर्वास सेवाओं के बारे में बताया। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग की रितुजा ने कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी।
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री गजेन्द्र गुप्ता ने पॉक्सो अधिनियम एवं किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों तथा बाल कल्याण समिति की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शौर्या दीदियां बच्चों की पहचान गोपनीय रखें, उनसे घटना के संबंध में अनावश्यक पूछताछ न करें और किसी भी प्रकार का दबाव बनाए बिना उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग करें।
प्रशिक्षण में जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री विनोद कुमार परस्ते, सहायक संचालक श्री रोहित बड़कुल, बाल कल्याण समिति के सदस्य श्री रंजीत कछवाहा एवं श्री संतोष कुमार यादव, उप पुलिस अधीक्षक श्री सी.एल. उइके सहित पुलिस एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा जिले की नामांकित शौर्या दीदियां उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में समुदाय आधारित बाल संरक्षण व्यवस्था को मजबूत करना तथा यह सुनिश्चित करना है कि पॉक्सो अपराधों से प्रभावित कोई भी बच्चा स्वयं को अकेला या असुरक्षित महसूस न करे और उसे समय पर संवेदनशील सहयोग एवं उचित संरक्षण मिल सके।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh