मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत
जिला पंचायत सीईओ ने पानसेमल में विभिन्न संस्थाओं का किया निरीक्षण
बड़वानी 27 नवम्बर 2026/ मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिला पंचायत सीईओ श्री अर्पित गुप्ता ने शुक्रवार को पानसेमल विकासखंड के विभिन्न ग्रामों एवं शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आयुष्मान आरोग्य केंद्र, दोंदवाड़ा में उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों से सैम ( SAM ) एवं मैम ( MAM ) बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण प्रबंधन की जानकारी प्राप्त की तथा गर्भवती जांच कक्ष और पैथोलॉजी लैब का अवलोकन किया। ग्राम दोंदवाड़ा में आयोजित शिविर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कुल प्राप्त आवेदनों की स्थिति का अवलोकन किया, नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इसके पश्चात उन्होंने पीएमश्री एकीकृत शासकीय हाई स्कूल भातकी का निरीक्षण किया। विद्यालय परिसर के निरीक्षण उपरांत पेयजल एवं शौचालय की स्थिति का अवलोकन करते हुए साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त न पाए जाने पर उन्होंने उपस्थित बीईओ एवं प्राचार्य के प्रति नाराजगी व्यक्त की तथा नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
वहीं ग्राम राखीबुजुर्ग स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से केंद्र पर आने वाले बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जानकारी ली। सीईओ ने कुपोषित बच्चों की स्थिति का आकलन करते हुए उन्होंने फॉलोअप की प्रक्रिया की जानकारी ली और पूछा कि नियमित वजन एवं स्वास्थ्य परीक्षण से कोई सकारात्मक सुधार आ रहा है या नहीं। उन्होंने पूरी जिम्मेदारी के साथ नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।