बाल विवाह रोकने का दिलाया संकल्प, बच्चों के अधिकारों की दी जानकारी
बड़वानी 27 नवम्बर 2026/ महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना पाटी द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने तथा बच्चों के अधिकारों के प्रति आमजन को जागरूक करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम एवं बच्चों के शिक्षा, सुरक्षा और संरक्षण के अधिकारों की विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि कानून के अनुसार बालिका की विवाह की न्यूनतम आयु 18 वर्ष एवं बालक की 21 वर्ष निर्धारित है। कार्यशाला में बाल विवाह रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया। साथ ही कहा गया कि बाल विवाह केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की समस्या है। इसे रोकने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों ने बाल विवाह नहीं करने और न होने देने का संकल्प लिया। साथ ही गांव-गांव में जागरूकता फैलाकर बाल विवाह मुक्त समाज बनाने की अपील की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाना तथा प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित बचपन, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य का अवसर उपलब्ध कराना रहा। उक्त कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश श्री कपिल वर्मा, विधिक सेवा अधिकारी श्री रॉबिन दयाल, परियोजना अधिकारी श्री निरंजन सिंह, थाना प्रभारी रामदास यादव, संजय आर्य, पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।
Barwani, Madhya Pradesh | Nov 27, 2026