श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर का शुभारंभ
लखीसराय। जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार ने गुरुवार को महीसोना में श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर का शुभारंभ एवं उद्घाटन किया। अनुसूचित जाति टोलों में आयोजित होने वाले ये विकास शिविर 27 अगस्त से 15 फरवरी तक संचालित किए जाएंगे। शिविरों के सफल संचालन के लिए प्रखंड कल्याण पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा माइक्रो प्लान तैयार किया गया है।
अभियान के प्रथम दिन जिले के 14 अनुसूचित जाति टोलों में विकास शिविर आयोजित किए गए। इस दौरान उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार ने बताया कि सरकार की 22 कल्याणकारी योजनाओं से अनुसूचित जाति के परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि पूर्व में डॉ. आंबेडकर समग्र सेवा अभियान के तहत भी शिविर लगाकर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया गया था।
जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार ने ग्रामीणों से अपील की कि वे शिविरों में उपलब्ध सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। पात्र लाभुक आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
कार्यक्रम के दौरान डीएम ने श्री गुरु संत रविदास के जीवन, सामाजिक योगदान और समतामूलक समाज की स्थापना के संदेश पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचार समानता, सामाजिक न्याय एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए आज भी प्रेरणादायी हैं।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त ने विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रमाण-पत्र लाभुकों के बीच वितरित किए। शिविर में ग्रामीणों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
मौके पर उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, निदेशक डीआरडीए नीरज कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी अश्विनी कुमार चौबे सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
Lakhisarai, Lakhisarai | Aug 27, 2026