माल रोड पर तेज रफ्तार पर लगेगा ब्रेक, प्रतिबंधित समय में बंद होंगे रास्ते
एनपीआर कैमरों से होगी निगरानी, शाम 4 से रात 10 बजे तक वाहनों की एंट्री रोकने को लगेंगे ऑटोमैटिक बोलार्ड
मसूरी। माल रोड पर तेज रफ्तार और प्रतिबंधित समय में वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। एसडीएम राहुल आनंद ने एमडीडीए, नगर पालिका, परिवहन विभाग और पुलिस अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर एनपीआर कैमरे और ऑटोमैटिक बोलार्ड लगाने के लिए स्थान चिह्नित किए। कैमरों से वाहनों की पहचान और नियमानुसार ऑनलाइन चालान की व्यवस्था प्रस्तावित है।
एसडीएम ने बताया कि उच्च न्यायालय में प्रवेश पंत बनाम उत्तराखंड सरकार से संबंधित याचिका के क्रम में गृह सचिव और जिलाधिकारी के निर्देशों पर यह कार्रवाई की जा रही है। शाम चार से रात दस बजे तक प्रतिबंधित समय में सामान्य वाहनों की एंट्री रोकने के लिए बोलार्ड लगाए जाएंगे, जबकि आपातकालीन वाहनों को नियमानुसार अनुमति देने की व्यवस्था होगी।
माल रोड पर बड़ी संख्या में पर्यटकों के पैदल घूमने के कारण यातायात नियंत्रण और सुरक्षा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके साथ ही मसूरी-जड़ीपानी से कोल्हूखेत तक वैकल्पिक मार्ग विकसित करने की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं। एसडीएम के अनुसार, मार्ग की उपयोगिता का आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। कैमरे और बोलार्ड लगाने का काम उच्च अधिकारियों के निर्देशों के बाद आगे बढ़ेगा।
निरीक्षण के दौरान एमडीडीए के एई अजय मलिक, कर अधीक्षक अनिरुद्ध चौधरी, एआरटीओ रत्नाकर सिंह और एसएसआई सत्येंद्र भाटी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
#cmuttrakhkhand #BJPNEWS #congressnews #GaneshJoshi #CongressParty #Congressman #BJPGovernment #landslide #uttarkhand #ganesh
Mussoorie, Dehradun | Oct 16, 2026