बद्रीनाथ धाम से हरिद्वार जा रही एक यात्री बस अचानक तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई। वाहन संख्या UK-14-PA-023 (बस) में कुल 25 यात्री सवार थे। लामबगड़ के समीप अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए और स्टीयरिंग लॉक हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे सुरक्षा पत्थरों से जा टकराया। पत्थरों से टकराने के कारण बस गहरी खाई में गिरने से बच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना गोविंदघाट पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों के सहयोग से सूझबूझ दिखाते हुए बस में फंसे सभी 25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी भी श्रद्धालु या यात्री को चोट नहीं आई है।
हादसे के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, ताकि यातायात बाधित न हो। इसके साथ ही प्रशासन और पुलिस द्वारा यात्रियों के लिए तुरंत दूसरे वाहन की व्यवस्था की गई, जिसके बाद सभी को सुरक्षित उनके गंतव्य हरिद्वार के लिए रवाना किया गया।
"उत्तराखंड की हर बड़ी खबर सबसे पहले पाने के लिए Nandi News Uttarakhand को Follow करें।"
#Uttarakhand #Dehradun #NandiNews #BreakingNews #UttarakhandNews #Haridwar #viralvideo #Chamoli #Badrinaath