मसूरी एमपीजी कॉलेज की पटरी पर लौटेगी व्यवस्था, एसडीएम ने संभाली कमान
मसूरी। ऐतिहासिक एमपीजी कॉलेज की बिगड़ी व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने के लिए प्रशासन ने कमान संभाल ली है। एसडीएम राहुल आनंद ने कॉलेज के प्रशासक का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने कॉलेज का निरीक्षण करने के साथ ही प्राचार्य सुनील पंवार और शिक्षण व गैर शिक्षण कर्मचारियों के साथ बैठक कर समस्याओं की जानकारी ली।बैठक में छह माह से वेतन का इंतजार कर रहे शिक्षकों और कर्मचारियों का मुद्दा सबसे प्रमुखता से उठा। एसडीएम ने एक सप्ताह के भीतर वेतन जारी कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। वहीं, करीब 30 माह से बिना वेतन कार्य कर रहे नौ शिक्षकों के मामले में भी जल्द निर्णय लेने की बात कही।
एसडीएम राहुल आनंद ने कहा कि कॉलेज शिक्षा का मंदिर है, इसलिए यहां राजनीति के बजाय शिक्षा को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कॉलेज के शैक्षणिक स्तर में पिछले करीब एक वर्ष में गिरावट आई है। व्यवस्था सुधारने के साथ जिम्मेदारी तय करने पर भी काम किया जाएगा। उन्होंने एमपीजी कॉलेज के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां से पढ़कर कई विद्यार्थी आइएएस समेत महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचे हैं।
उन्होंने बताया कि कॉलेज में स्थायी प्राचार्य की नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। शिक्षकों की कमी दूर करने के साथ शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और रोजगारपरक नए विषय शुरू करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
कॉलेज की आधारभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए नगर पालिका और एमडीडीए अधिकारियों को निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए गए। कॉलेज के बाहर अनधिकृत पार्किंग हटाने और परिसर के भीतर वाहनों की पार्किंग रोकने को कहा गया।
पत्रकारों से बातचीत में एसडीएम ने बताया कि एमपीजी कॉलेज के प्रांतीयकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और निर्धारित नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्राचार्य सुनील पंवार ने कॉलेज की विभिन्न समस्याओं से प्रशासक को अवगत कराया, जिस पर एसडीएम ने समाधान का भरोसा दिया।
#cmuttrakhkhand #BJPNEWS #congressnews #GaneshJoshi #CongressParty #Congressman #BJPGovernment #landslide #uttarkhand #ganesh
Mussoorie, Dehradun | Sep 11, 2026