Bihar news : मैनाटाड़ में अनियंत्रित बस पोखरे में पलटी, मची चीख-पुकार; ग्रामीणों ने शीशे तोड़कर बचाई यात्रियों की जान। बेतिया से भंगहा जा रही यात्री बस बुधवार को मैनाटाड़ थाना क्षेत्र के पकुहवां गांव के समीप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पोखरे में पलट गई। बस के पोखरे में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही पल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे यात्रियों को बचाने के लिए आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में कई यात्रियों को चोटें आई हैं। हालांकि, अभी तक किसी की मौत की सूचना नहीं है।जानकारी के अनुसार, बस संख्या BR22 06PB 5625 बुधवार को बेतिया से सुबह 11:50 बजे भंगहा के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 25 यात्री सवार थे। भंगहा के परसौनी गांव निवासी 20 वर्षीय अमन कुमार ने बताया कि पकुहवां गांव के समीप एक टेंपो पर प्लाई लदा हुआ था। बस चालक टेंपो से साइड लेने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित पोखरे में पलट गई। बस के पलटते ही अंदर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कोई मदद के लिए चिल्लाने लगा तो कोई अपने साथ बैठे परिजनों को सुरक्षित निकालने की कोशिश करने लगा। हादसे के बाद कई यात्री बस के अंदर फंस गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने बस के शीशे तोड़कर एक-एक कर यात्रियों को बाहर निकाला। इस दौरान कई लोगों को चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सीओ सुमंत कुमार, मैनाटाड़ थानाध्यक्ष बब्लू कुमार, पुरुषोत्तमपुर थानाध्यक्ष कमलेश भगत और इनरवा थानाध्यक्ष संतोष कुमार सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और यात्रियों से हादसे की जानकारी ली। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। अचानक हुए इस हादसे ने कुछ देर के लिए मौके पर मौजूद लोगों की सांसें रोक दीं। ग्रामीणों की तत्परता और साहस के कारण बस में फंसे यात्रियों को समय रहते बाहर निकाला जा सका। #Mainatand #BusAccident #WestChamparan #Bettiah #Bhangaha #BiharNews #BusAccidentNews #RoadAccident #RescueOperation #LocalNews #BreakingNews #BiharNewsToday #WestChamparanNews #MainatandNews #AccidentNews